
बरेली। जनपद में 30 जून को प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ने आज शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और व्यवस्थाओं की बारीकी से जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वीवीआईपी कार्यक्रम से जुड़ी हर व्यवस्था समय से पहले पूरी कर ली जाए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा, पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ जिम्मेदारी निभाएं और लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहें।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, पुलिस प्रशासन, विद्युत विभाग, जल निगम सहित संबंधित विभागों को अपने-अपने कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि वीवीआईपी भ्रमण जनपद के लिए महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, इसलिए सभी अधिकारी टीम भावना के साथ काम करते हुए कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराएं।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, अपर जिलाधिकारीगण, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।