एडीजी और डीआईजी ने लिया तिगरी मेले का जायजा ;  24 घंटे अलर्ट मोड पर रहेंगी NDRF व SDRF

बरेली, अमरोहा। आगामी कार्तिक पूर्णिमा (गंगा स्नान) के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक राजकीय तिगरी मेला-2026 को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) रमित शर्मा और मुरादाबाद परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अजय कुमार साहनी ने अमरोहा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) लखन सिंह यादव के साथ मेला स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने मेला परिसर, गंगा के विभिन्न घाटों, पार्किंग स्थलों, रूट डायवर्जन व्यवस्था, मेला कोतवाली और सीसीटीवी कंट्रोल रूम का बारीकी से निरीक्षण किया। कंट्रोल रूम में ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ करते हुए एडीजी रमित शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के साथ पुलिसकर्मी पूर्ण शालीनता, संवेदनशीलता और सेवाभाव से पेश आएं।


प्रमुख दिशा-निर्देश और तैयारियां:
24 घंटे अलर्ट मोड: गंगा घाटों पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए NDRF और SDRF की टीमों के साथ रेस्क्यू बोट्स, लाइफ जैकेट और फायर सर्विस की गाड़ियों को 24 घंटे क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मूलभूत सुविधाएं एवं यातायात: मेले में सुगम यातायात प्रबंधन के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और अस्थायी चिकित्सालय जैसी सुविधाओं को समय रहते दुरुस्त करने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने को कहा गया है।
सोशल मीडिया पर पैनी नजर: मेले के दौरान अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए सोशल मीडिया की 24×7 प्रभावी निगरानी करने और भ्रामक खबरों का तत्काल खंडन करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान अमरोहा के अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया, नौगावां सादात के क्षेत्राधिकारी अवधभान सिंह भदौरिया, हसनपुर के क्षेत्राधिकारी पंकज कुमार त्यागी, धनौरा की क्षेत्राधिकारी अंजली कटारिया और मेला प्रभारी निरीक्षक बालेन्द्र सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks