
बरेली । जनपद बरेली की थाना सीबीगंज पुलिस को गौकशी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए गौकशी की घटना में वांछित चल रहे तीन शातिर अभियुक्तों— मुसाहिद, आरिफ और छोटा को गिरफ्तार किया है।
जानें क्या है पूरा मामला ?
15 सितंबर को परधौली-खतौला मार्ग पर एक गौवंशीय पशु के वध की घटना सामने आई थी, जिसके संबंध में थाना सीबीगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। 13 नवंबर की रात करीब 1:10 बजे खतौला-घुन्सा मार्ग पर पुलिस ने दबिश देकर इन तीनों आरोपियों को उस वक्त दबोच लिया, जब वे दोबारा आवारा गौवंशीय पशुओं के वध की फिराक में घूम रहे थे।
बरामदगी और खुलासा:
आरोपियों के कब्जे से गौकशी में इस्तेमाल होने वाले तीन लोहे के चापड़, एक लकड़ी का गुटका, प्लास्टिक की रस्सी का जाल और काली पॉलीथीन बरामद हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे रात के अंधेरे में आवारा पशुओं को निशाना बनाते थे और उनका मांस थैलियों में भरकर आसपास के इलाकों में बेचते थे। उन्होंने परधौली स्थित एक गौशाला से गाय चोरी कर वध करने की बात भी स्वीकार की है।
लंबा आपराधिक इतिहास:
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी पेशेवर अपराधी हैं। इन पर पहले से ही गौवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, चोरी और मारपीट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।