
बरेली। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मीरगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि थाना मीरगंज पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर की सूचना पर हुरहुरी से मीरगंज जाने वाले मार्ग पर स्थित बी.के. लॉन के पास चकरोड से एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान रितेश पुत्र सुनील निवासी मोहल्ला नवादा शेखान, थाना बारादरी, जनपद बरेली, उम्र करीब 20 वर्ष के रूप में हुई है।
मामले में थाना मीरगंज पर मु0अ0सं0 313/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक महेश कुमार, उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह सहित थाना मीरगंज पुलिस टीम शामिल रही।