
बरेली। केंद्रीय कारागार इज्जतनगर से फरार हुए आजीवन कारावास की सजा काट रहे 25 हजार रुपये के इनामी सजायाफ्ता बंदी को थाना इज्जतनगर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसके कब्जे से अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी दिनेश पुत्र अरविंद निवासी नन्हेड़ा राजपूत थाना डिडौली जनपद अमरोहा, केंद्रीय कारागार बरेली से 22 जून को फरार हो गया था। उसके फरार होने के बाद थाना इज्जतनगर में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई थीं और एसएसपी बरेली द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
नैनीताल हाईवे पर घेराबंदी, बदमाश ने पुलिस पर झोंका फायर
26 जून की रात पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार लेकर नैनीताल हाईवे की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। आरोपी रेलवे के खंडहर मकान में छिप गया और पुलिस को देखते ही जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घायल अवस्था में दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जेल की खेती में काम करने के दौरान पानी पीने के बहाने निकला और मौका पाकर दीवार कूदकर फरार हो गया था। फरारी के बाद वह एक परिचित के यहां छिपा हुआ था और तमंचा लेकर अपने घर जाने की फिराक में था।
घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल बरेली भेजा गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ पुलिस टीम पर फायरिंग और अवैध हथियार रखने के मामले में भी मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है
बरामदगी:
➡️ एक अवैध तमंचा 315 बोर
➡️ एक खोखा कारतूस
➡️ एक जिंदा कारतूस
कार्रवाई करने वाली टीम: थाना इज्जतनगर प्रभारी सहित पुलिस टीम मौजूद रहे।