

बरेली। जिलाधिकारी एवं सहायक आयुक्त औषधि, बरेली मंडल के निर्देश पर औषधि विभाग की टीम ने आंवला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर का भंडाफोड़ किया।
मुखबिर की गोपनीय सूचना के आधार पर तीन सदस्यीय औषधि निरीक्षकों की टीम—राजेश कुमार, अनामिका एवं अंकुर जैन ने आंवला स्थित मोहल्ला खेड़ा नई बस्ती, नितिन साइकिल स्टोर के सामने संचालित मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की।
जांच के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक सचिन पाल पुत्र राम किशन पाल के प्रतिष्ठान पर बिना वैध लाइसेंस के एलोपैथिक दवाओं का भंडारण और बिक्री पाया गया। टीम ने मौके से लगभग 20 हजार रुपये कीमत की औषधियों को नियमानुसार फॉर्म-16 के तहत सीज कर दिया।
इसके साथ ही दो संदिग्ध औषधियों के नमूने जांच एवं विश्लेषण के लिए संग्रहित किए गए हैं, जिन्हें राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
औषधि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने और विवेचना पूरी होने के बाद मामले में माननीय न्यायालय में परिवाद दाखिल किया जाएगा।