दीपावली पर बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाई ‘एक गूंज’ संस्था, झुग्गी-झोपड़ियों में बांटी खुशियां

बरेली। समाज सेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही सामाजिक संस्था ‘एक गूंज’ ने इस दीपावली पर एक बार फिर मानवता और सेवा की मिसाल पेश की। संस्था ने दीपावली के दिन शहर की विभिन्न झुग्गी-झोपड़ियों में पहुंचकर गरीब, मजदूर, असहाय और जरूरतमंद लोगों को मिठाई, दिए, मोमबत्ती और कपड़ों का वितरण किया।

जैसे ही संस्था के पदाधिकारी इन बस्तियों में पहुंचे, वहां रहने वाले बच्चों और महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। नए कपड़े, मिठाई और दीयों को पाकर बच्चों में अलग ही उत्साह देखने को मिला। उन्होंने हाथ जोड़कर संस्था का आभार व्यक्त किया। संस्था का यह प्रयास केवल सामग्री बांटने तक सीमित नहीं था, बल्कि उनके साथ बैठकर त्योहार मनाने और उनकी खुशियों में शामिल होने का था।

संस्था के अध्यक्ष बंटी ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि ‘एक गूंज’ संस्था का मुख्य उद्देश्य ही जरूरतमंद लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना है। उन्होंने कहा, “संस्था द्वारा समय-समय पर जरूरतमंद लोगों की निरंतर मदद की जाती है, जिससे उन्हें भी अपना त्योहार मनाने का मौका मिल जाता है। जब हम इन बच्चों के चेहरे पर मुस्कान देखते हैं, तो हमें लगता है कि हमारी मेहनत सफल हुई। यही मुस्कान हमें आगे और सेवा करने की प्रेरणा देती है।”

उन्होंने आगे कहा कि दीपावली रोशनी का त्योहार है और हम चाहते हैं कि कोई भी घर अंधेरे में न रहे। इसलिए दिए और मोमबत्ती का वितरण किया गया ताकि इन परिवारों के घर भी रोशन हो सकें।

बंटी ठाकुर ने बताया कि संस्था के सभी पदाधिकारी निस्वार्थ भाव से सक्रिय रूप से इन अभियानों को चलाते हैं और यह सेवा कार्य निरंतर भविष्य में भी चलता रहेगा। संस्था केवल त्योहारों पर ही नहीं, बल्कि पूरे साल जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहती है।

इन क्षेत्रों में चलाया गया अभियान

संस्था द्वारा यह विशेष दीपावली सेवा अभियान शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों में चलाया गया। इसमें बरेली जंक्शन स्टेशन के आसपास बसी झुग्गियां, सिलेक्शन पॉइंट चौराहा, नैनीताल रोड किनारे बसी झुग्गी-झोपड़ियां और प्रेम नगर क्षेत्र शामिल रहे। टीम ने एक-एक घर जाकर लोगों को सामग्री वितरित की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

ये रहे मौजूद

इस पुनीत अभियान को सफल बनाने में संस्था के कई पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अभियान में प्रमुख रूप से संस्था अध्यक्ष बंटी ठाकुर, संतोष राज, राजेंद्र, सक्रिय पदाधिकारी मोहिनी वर्मा, पारस सिंह, सौरभ वर्मा, यश कुमार गौतम, तेजस, संदीप वर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। सभी ने मिलकर न केवल वितरण कार्य किया, बल्कि बच्चों के साथ समय बिताकर उनके साथ दीपावली की खुशियां भी साझा कीं।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks