
बरेली। दीपावली के पावन पर्व पर शनिवार शाम बरेली पुलिस लाइन का नजारा देखते ही बन रहा था। मौका था पुलिस परिवार द्वारा आयोजित भव्य दीपोत्सव का, जहां एक साथ प्रज्वलित किए गए करीब 65 हजार दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा। इस अलौकिक दृश्य ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ कमिश्नर शम्भू कुमार, डीआईजी अजय साहनी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अधिकारियों ने एक-दूसरे को दीपावली की बधाई दी और जनपदवासियों के लिए सुख, समृद्धि व सामाजिक सौहार्द की कामना की।
दिन-रात की मेहनत लाई रंग
एसएसपी अनुराग आर्य के नेतृत्व में इस दीपोत्सव को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां की जा रही थीं। पुलिस लाइन के मैदान से लेकर मुख्य भवनों तक दीपों की आकर्षक श्रृंखलाएं सजाई गई थीं। शाम ढलते ही जैसे ही दीप प्रज्वलित हुए, समूचा परिसर स्वर्णिम आभा से नहा उठा।

बच्चों के खिले चेहरे, बांटी गईं मिठाइयां
उत्सव के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बच्चों के साथ खुशियां साझा कीं। नन्हे-मुन्ने बच्चों को उपहार भेंट किए गए और सभी में मिठाइयों का वितरण किया गया। अधिकारियों ने कहा कि पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सकारात्मकता का प्रतीक हैं, और ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचता है।
प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी रहे मौजूद
इस भव्य आयोजन के दौरान एसपी सिटी चिराग जैन, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एएसपी शिवम आशुतोष, एसपी क्राइम मनीष सोनकर, एसपी ट्रैफिक अकमल खान, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) देवयानी सहित पुलिस व जिला प्रशासन के तमाम अधिकारी व प्रतिसार निरीक्षक हरमीत सिंह एवं कर्मचारी सपरिवार उपस्थित रहे।