
ईद उल अज़हा हमें त्याग, बलिदान और दूसरों के प्रति सहानुभूति का पाठ सिखाता है। इस त्योहार पर कुर्बानी के साथ-साथ कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद अहम है:
जैसे – सफाई का खास ध्यान रखें।
कुर्बानी के बाद खून और बाकी कचरा सही तरीके से निपटाना बहुत ज़रूरी है। इसे खुले में न छोड़ें। नगर निगम की गाड़ियां आने तक इसे ढककर रखें या सही जगह पर डालें। इससे न सिर्फ बीमारी फैलने का खतरा कम होगा बल्कि आपके पड़ोसियों को भी किसी तरह की परेशानी नहीं होगी, खासकर अगर वे शाकाहारी हों।
पड़ोसियों की भावनाओं का सम्मान करें-
अपने गैर-मुस्लिम पड़ोसियों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना हमारी ज़िम्मेदारी है। कुर्बानी ऐसी जगह करें जहां उन्हें कोई असहजता महसूस न हो।
कुर्बानी का गोश्त बांटें-
इस्लाम में कुर्बानी का एक तिहाई गोश्त गरीबों और ज़रूरतमंदों को, एक तिहाई दोस्तों और रिश्तेदारों को और एक तिहाई अपने लिए रखने का हुक्म है। अपने ग़ैर मुस्लिम पड़ोसियों के साथ भी बांटें, यह उनके प्रति सद्भावना दिखाने का एक अच्छा तरीका है।
आपसी बातचीत और सद्भाव-
किसी भी तरह की गलतफहमी से बचने के लिए अपने पड़ोसियों से बातचीत करते रहें। त्योहार की मुबारकबाद दें और उनकी खुशियों में शरीक हों।
मौजूदा हालात और हमारी ज़िम्मेदारी-
आज के समय में जब मुल्क में हालात थोड़े नाज़ुक हो सकते हैं, ऐसे में हमें और भी ज़्यादा समझदारी और जिम्मेदारी से काम लेना होगा. किसी भी ऐसी बात या हरकत से बचना चाहिए जिससे किसी भी तरह का फसाद या तनाव पैदा हो।
सोशल मीडिया पर सावधानी-
किसी भी तरह की भड़काऊ पोस्ट या अफवाहों से दूर रहें. ऐसी चीजें आगे न बढ़ाएं जो समाज में दरार पैदा कर सकती हैं।
कानून का पालन करें-
सभी सरकारी नियमों और निर्देशों का पालन करें। किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि में शामिल न हों।आपसी भाईचारा बनाए रखें।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम अपने सभी हमवतनों के साथ प्रेम, सम्मान और भाईचारे का रिश्ता बनाए रखें। किसी भी शरारती तत्व को हमें बांटने का मौका न दें।
याद रखिए…
हमारे कर्म ही हमारी पहचान हैं। ईद उल अज़हा का यह पावन पर्व हमें प्रेम, शांति और भाईचारे का पैगाम देता है।
आइए, हम सब मिलकर इस त्योहार को ऐसे मनाएं कि यह हमारे देश में एकता और सद्भाव की मिसाल बने।