
बरेली । स्वच्छ और कचरा-मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने कमर कसते हुए वार्ड संख्या–68, खन्नू मोहल्ला और बड़ा बाजार रोड पर चला नगर निगम का ऐसा जनजागरूकता अभियान, जिसने हर दुकानदार और राहगीर का ध्यान खींच लिया। मकसद साफ है—सिंगल यूज़ प्लास्टिक को शहर से जड़ से उखाड़ फेंकना!
सड़कों पर उतरी टीम ने सीधे दुकानदारों और ग्राहकों से संवाद किया और दो टूक समझाया कि चंद मिनटों का यह प्लास्टिक पर्यावरण, नालों और बेजुबान पशुओं के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। प्लास्टिक सड़ता नहीं, बल्कि पूरे शहर के ड्रेनेज सिस्टम और आबोहवा को चोक कर देता है।
टीम ने मौके पर जनता को इन 6 बुनियादी नियमों की शपथ दिलाई—
थैला वही, जो बार-बार चले: बाजार निकलें तो जेब या हाथ में सिर्फ कपड़ा या जूट का थैला हो।
डिस्पोजेबल को कहें ‘ना’: प्लास्टिक बोतलों और थर्माकोल कटलरी को छोड़ दोबारा काम आने वाले बर्तनों को अपनाएं।
विकल्प अपनाएं: सिंगल यूज़ प्लास्टिक का पूरी तरह बहिष्कार करें।
कचरा सिर्फ सही जगह: सड़कों और नालियों में प्लास्टिक फेंकना बंद, कचरा सिर्फ डस्टबिन में।
मुहिम से जोड़ें पड़ोस: अपने घर, मोहल्ले और रिश्तेदारों को भी प्लास्टिक के खतरों से आगाह करें।
नगर निगम का दें साथ: बरेली को स्वच्छ और प्लास्टिक-मुक्त बनाने में अपनी नागरिक जिम्मेदारी निभाएं।
नगर निगम ने साफ चेतावनी और भावुक अपील एक साथ रखी है—अगर आने वाली पीढ़ी को साफ शहर देना है, तो आज ही पॉलीथिन छोड़नी होगी। बदलाव किसी और से नहीं, आपकी और हमारी जेब से शुरू होगा। उठाइए कपड़े का थैला और दीजिए स्वच्छता का सबूत