बच्चियों से दरिंदगी व छेड़छाड़ के दो मामलों में , तीन दोषियों को सलाखें

बरेली । उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ अभियान के तहत बरेली पुलिस और अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी एक बार फिर रंग लाई है। शनिवार को जनपद की दो अलग-अलग पॉक्सो अदालतों ने नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास के दो संगीन मामलों में तीन आरोपियों को दोषी करार देते हुए कठोर कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई है।

​पहला मामला: किशोरी से छेड़छाड़ में पिता-पुत्र को सजा

​अलीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मंझा निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी थी कि 6 सितंबर 2018 को दोपहर करीब तीन बजे उसकी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी घर के बाहर उपले लेने गई थी। इसी दौरान गांव के ही विजयपाल ने बुरी नीयत से उसे पकड़ लिया। जब पीड़िता के पिता ने इसकी शिकायत विजयपाल के पिता सियाराम से की, तो उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

​पुलिस ने इस मामले में धारा 354, 504, 506 आईपीसी और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। अभियोजन पक्ष द्वारा कोर्ट में पेश किए गए पांच गवाहों और ठोस साक्ष्यों के आधार पर विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो-03 कोर्ट) ने दोनों को दोषी माना। अदालत ने मुख्य आरोपी विजयपाल को तीन वर्ष के कारावास व दो हजार रुपये अर्थदंड (अदा न करने पर दो माह का अतिरिक्त कारावास) तथा उसके पिता सियाराम को एक वर्ष के कारावास व चार सौ रुपये अर्थदंड (अदा न करने पर दस दिन का अतिरिक्त कारावास) की सजा सुनाई है। इस मामले में विशेष लोक अभियोजक राजीव तिवारी, कोर्ट मोहर्रिर राहुल और पैरोकार हेड कांस्टेबल अमित की अहम भूमिका रही।

​दूसरा मामला: मासूम से दुष्कर्म के प्रयास में किरायेदार को पांच साल की कैद

​दूसरी सजा बारादरी थाना क्षेत्र से जुड़े एक संवेदनशील मामले में सुनाई गई। मोहल्ला कटरा चांद खां निवासी एक महिला ने 22 जुलाई 2019 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब आठ बजे उसकी आठ वर्षीय मासूम बेटी घर के बाहर खेल रही थी। तभी सामने किराये पर रहने वाला मूल रूप से बदायूं के फकीरी सराय मीरा जी की चौकी निवासी रामसेवक उर्फ सेवाराम मौर्य बच्ची को पैसे का लालच देकर अपने कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। बच्ची के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।

​पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में आरोप पत्र दाखिल किया था। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने नौ गवाह पेश किए। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो-02 कोर्ट) ने रामसेवक उर्फ सेवाराम को पॉक्सो एक्ट की धारा-10 के तहत दोषी ठहराते हुए पांच वर्ष के कठोर कारावास और दस हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना न भरने पर दोषी को तीन माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। इस प्रकरण में विशेष लोक अभियोजक आलोक प्रधान, महिला कांस्टेबल प्रवेश कुमारी और पैरोकार सीतू ने प्रभावी पैरवी की।

​वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व और पुलिस अधीक्षक दक्षिणी व नोडल अधिकारी (ऑपरेशन कन्विक्शन) अंशिका वर्मा के पर्यवेक्षण में मिली इन सजाओं से अपराधियों में कड़ा संदेश गया है।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks