
बरेली, मेरठ। गांव कुराली में ‘ब्राह्मण वंशीय एकता लक्ष्य’ के तत्वावधान में आयोजित ‘गांव-गांव सवर्ण जगाओ अभियान’ के तहत सवर्ण समाज की एक विशाल और ऐतिहासिक विचार मंथन बैठक संपन्न हुई। यूजीसी रोलबैक तथा एससी/एसटी एक्ट के विरोध में एकजुट हुए समाज के प्रबुद्धजनों ने आने वाली पीढ़ियों के हक और बच्चों के सुरक्षित भविष्य को लेकर आर-पार की रणनीति तैयार की।
सर्व सवर्ण समाज का दिखा अटूट संगम
इस महाबैठक की सबसे खास बात सर्व सवर्ण समाज की एकजुटता रही। ठाकुर, ब्राह्मण, गोस्वामी, वैश्य और बनिया समाज सहित सभी वर्गों के प्रतिनिधियों ने कंधे से कंधा मिलाकर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यालय के प्रिंसिपल साहब ने वर्तमान नीतियों के चलते युवाओं के भविष्य पर पड़ रहे असर को लेकर गहरी संवेदना और चिंता व्यक्त की। सभी वक्ताओं ने एक सुर में कहा कि प्रतिभाओं की अनदेखी और समाज के साथ हो रहे भेदभाव को अब कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्य अतिथि ने भरी हुंकार

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में ‘ब्राह्मण वंशीय एकता लक्ष्य’ के संस्थापक एवं राष्ट्रीय महामंत्री पंडित हरिप्रकाश शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक समाज अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर सड़क से संसद तक आवाज नहीं उठाएगा, तब तक न्याय संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से संगठित होकर अपने हक की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
आंदोलन और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देने के लिए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा की गई और मुख्य अतिथि द्वारा उन्हें औपचारिक नियुक्ति पत्र सौंपे गए। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने समाज हित में निष्ठापूर्वक कार्य करने का संकल्प लिया।
सैकड़ों गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
इस सफल कार्यक्रम के आयोजक ठाकुर मनोज चौहान रहे। कुराली के समस्त ग्रामवासियों के आतिथ्य और सहयोग से आयोजित इस बैठक में क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य व्यक्ति और युवा शक्ति उपस्थित रहे। सभा का समापन ‘जय सत्य सनातन धर्म’ के गगनभेदी नारों के साथ हुआ।