
बरेली। गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर सोमवार को बाबूराम धर्मशाला स्थित श्री गणेश पंडाल में भगवान गणेश की विशाल प्रतिमा स्थापना के साथ साप्ताहिक श्री गणेश महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। महाराष्ट्र के सांगली से मंगाई गई प्रतिमा को रथ पर सजाकर साहूकारा सराफा बाजार से गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन के महानगर अध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने किया। मराठा एसोसिएशन एवं श्री गणेश महोत्सव समिति के संस्थापक अध्यक्ष अनिल पाटिल ने आरती उतारी। साहूकारा, बड़ा बाजार और कुतुबखाना होते हुए शोभायात्रा शिवाजी मार्ग, अलमगीरगंज स्थित बाबूराम धर्मशाला पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष लगाए।
पंडाल में विधिवत मंत्रोच्चार के साथ प्रतिमा की स्थापना और पूजन किया गया। अध्यक्ष अनिल पाटिल ने बताया कि 20 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह-शाम आरती, पूजन, प्रसाद वितरण और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 20 सितंबर को गणपति प्रतिमा की भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी।
इस अवसर पर सुदेश अग्रवाल, राहुल रस्तोगी, आशीष रस्तोगी, विशाल रस्तोगी, राजीव अग्रवाल, अजय अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, उमंग शंख्तर, राजेंद्र कश्यप, अमित राठौर, आकाश सक्सेना, अनिल पाटिल, सरजाराव पाटिल, प्रमोद पाटिल, विजय पाटिल, मंगेश कदम, संतोष मराठा, दिलीप मराठा, पांडुरंग मराठा, दत्त मराठा, राहुल मराठा, पप्पू मराठा, दशरथ मराठा, गणेश जाधव, विशाल जाधव, करण शर्मा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।