
बरेली। त्योहारों का मौसम शुरू होते ही मिलावटखोरों पर प्रशासन का शिकंजा कसना शुरू हो गया है। कमिश्नर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और जिलाधिकारी बरेली के सख्त निर्देशों के बाद, खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिलेभर में बड़ा अभियान चलाया है। आगामी पर्वों पर आम जनता को शुद्ध खाद्य सामग्री मिले, इसके लिए सहायक आयुक्त खाद्य-2 के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन कर 12 नामचीन दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई।
प्रशासन की चार टीमों ने शुक्रवार को बरेली शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक एक साथ दस्तक दी। इस दौरान आवंला, बिशारतगंज, मीरगंज, फरीदपुर, बहेड़ी और शहर के प्रमुख इलाकों से कुल 12 सैंपल जांच के लिए भरे गए हैं।

ज़फ़र स्वीट्स (आंवला): बर्फी का नमूना
श्री बालाजी स्वीट्स (आंवला): बेसन लड्डू का नमूना
श्याम स्वीट्स (बिशारतगंज): दही का नमूना
आर्यन रेस्टोरेंट (पीलीभीत बाईपास): गुलाब जामुन का नमूना
राज स्वीट्स (बदायूं रोड): खोया का नमूना
प्रेम स्वीट्स (नैनीताल रोड): बेसन लड्डू का नमूना
लवि स्वीट्स (मीरगंज): बर्फी का नमूना
बाबा स्वीट्स (सिरौली): खोया का नमूना
गुप्ता स्वीट्स (मीरगंज): बूंदी लड्डू का नमूना
जयप्रकाश स्वीट्स (मीरगंज): बर्फी का नमूना
बालाजी स्वीट्स (बहेड़ी): बर्फी का नमूना
हरि स्वीट्स (फरीदपुर): खोया का नमूना
कार्रवाई के दौरान टीमों ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि दुकानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके साथ ही बेची जा रही मिठाइयों की ट्रे पर उनकी निर्माण तिथि यानी मैन्युफैक्चरिंग डेट और एक्सपायरी डेट स्पष्ट रूप से दर्ज होनी चाहिए।
अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मिलावट पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनिय के तहत कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के मद्देनजर विभाग का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।