
बरेली। गौवंश के लिए भविष्य में प्राकृतिक एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से वन विभाग, बरेली द्वारा गौआहार वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान में मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन एवं पर्यावरण, जंतु उद्यान तथा जलवायु परिवर्तन विभाग डॉ. अरुण कुमार सक्सेना रहे।
इस दौरान छावनी परिषद बरेली की मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन ने भी पौधरोपण कर अभियान में सहभागिता की। अभियान के तहत 100 से अधिक उपयोगी एवं बहुवर्षीय वृक्ष लगाए गए। विकसित होने के बाद इन वृक्षों की पत्तियां, फल एवं अन्य जैविक सामग्री गौवंश के प्राकृतिक आहार के रूप में उपयोगी होंगी।
मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि सही प्रजातियों का चयन कर किया गया वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ पशुधन और जैव विविधता के लिए भी महत्वपूर्ण संसाधन बन सकता है। उन्होंने गौसेवा से जुड़े ऐसे अभिनव प्रयासों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
डॉ. तनु जैन ने कहा कि आज लगाया गया वृक्ष आने वाले वर्षों में पर्यावरण के साथ गौवंश के लिए भी प्राकृतिक आहार का स्रोत बनेगा। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।