
बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की कार्ययोजना को लेकर शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। डीएम ने सभी कार्यक्रम भव्यता के साथ आयोजित करने और व्यापक प्रचार-प्रसार कर अभियान को जनआंदोलन बनाने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने बताया कि 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में रक्तदान शिविर, कामगारों को टूल किट वितरण और ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होंगे। ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर स्कूलों से विश्वविद्यालयों तक चित्रकला, निबंध व भाषण प्रतियोगिताएं होंगी।
अभियान के तहत ‘सेवा सेतु’ शिविरों के जरिए पात्र वंचित लोगों को पेंशन, आवास, राशन कार्ड समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं से बदले लोगों के जीवन की कहानियां सामने लाई जाएंगी।
‘आंगन मिलन सेवा’ में आंगनबाड़ी-आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, स्वस्थ बेबी प्रतियोगिता और मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम होंगे। ‘सेवा की कहानी’ में शिक्षा व इंफ्रास्ट्रक्चर के बदलाव को सामने लाया जाएगा।
इसके अलावा ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘राष्ट्र के रंग-सेवा के रंग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ जैसे कार्यक्रम होंगे। प्रत्येक विधानसभा में दो स्थलों का कायाकल्प, स्वास्थ्य शिविर, पौधरोपण, गोसेवा, मतदाता जागरूकता, वोकल फॉर लोकल और करियर काउंसलिंग भी आयोजित की जाएगी।
बैठक में सांसद छत्रपाल गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महापौर डॉ. उमेश गौतम, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, आदेश प्रताप सिंह समेत जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।