
बरेली। रेलवे ने मोबाइल से जनरल टिकट बुक करने की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब यात्रियों को जनरल टिकट के लिए पुराने UTS ऐप की जगह रेलवे के नए RailOne ऐप का इस्तेमाल करना होगा। RailOne के जरिए यात्री घर बैठे अनारक्षित (जनरल), प्लेटफॉर्म और सीजन टिकट कुछ ही सेकंड में बुक कर सकेंगे।
खास बात यह है कि R-Wallet से भुगतान करने पर टिकट किराये में 3 प्रतिशत की छूट मिलेगी। पुराने UTS ऐप में मौजूद R-Wallet की धनराशि भी उसी मोबाइल नंबर से RailOne पर रजिस्ट्रेशन करने के बाद ट्रांसफर की जा सकती है। R-Wallet को UPI, डेबिट या क्रेडिट कार्ड से रिचार्ज करने की सुविधा भी दी गई है।
RailOne ऐप में पेपरलेस टिकट की सुविधा होने से टिकट का प्रिंट निकालने की जरूरत नहीं होगी। GPS आधारित व्यवस्था से स्टेशन परिसर में पहुंचने पर भी अनारक्षित टिकट बुक किया जा सकेगा। टिकट चेकिंग के दौरान यात्री मोबाइल पर टिकट दिखा सकेंगे। ऐप में �बायोमेट्रिक और mPIN लॉगिन जैसी सुरक्षा सुविधाएं भी दी गई हैं।
इसके अलावा RailOne पर आरक्षित टिकट बुकिंग, ट्रेन की लाइव रनिंग स्थिति, ट्रेन नंबर और �PNR स्टेटस समेत रेलवे की कई सुविधाएं एक ही ऐप में उपलब्ध कराई गई हैं। ऐप को �Google Play Store और Apple App Store से डाउनलोड किया जा सकता है।