
बरेली। विकास भवन सभागार में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के रसोइयों को मानदेय एवं ड्रेस की धनराशि में बढ़ोतरी का लाभ देते हुए उनका सम्मान किया गया।
जनपद में कार्यरत 5,848 रसोइयों का मानदेय ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 प्रतिमाह कर दिया गया है। वहीं ड्रेस के लिए निर्धारित धनराशि भी ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 की गई है। बढ़ी हुई धनराशि का प्रतीकात्मक चेक प्रदान कर रसोइयों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उन्हें कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में सांसद छत्रपाल गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महापौर उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष आंवला आदेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक डॉ. अजीत कुमार एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि रसोइयों को अब ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। इसके अलावा स्टेट बैंक की ओर से दुर्घटना बीमा सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पीएम पोषण योजना को प्रभावी बनाने में रसोइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनके हितों का ध्यान रखते हुए शासन स्तर से लगातार सुविधाओं में बढ़ोतरी की जा रही है।