
बरेली। बारावफात और जुलूस-ए-शराफत मियां के मद्देनजर बरेली में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस अधीक्षक मोहम्मद अकमल खां ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 25 अगस्त की शाम छह बजे से 26 अगस्त को कार्यक्रम समाप्त होने तक भारी वाहनों और रोडवेज बसों के लिए निर्धारित डायवर्जन लागू रहेगा।
मिनी बाईपास, इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर तिराहा, ईसाइयों की पुलिया, वियावान कोठी, ऑफिसर्स मेस तिराहा, सैटेलाइट तिराहा से शहर की ओर तथा रामगंगा तिराहा से चौपला की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बरेली आने के लिए झुमका तिराहा से परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र रोड नंबर-1 और बड़े बाईपास होते हुए ट्रांसपोर्टनगर जाने की व्यवस्था की गई है। लखनऊ जाने वाले भारी वाहन झुमका तिराहा से नवलखा, नवलयधाम और इन्वर्टिस होकर आवागमन करेंगे। बदायूं की ओर जाने वाले वाहन बड़े बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा और फरीदपुर-बुखारा मोड़ होकर जा सकेंगे।
रोडवेज बसों के लिए भी अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से आने वाली बसें मिनी बाईपास, इज्जतनगर, डेलापीर, 100 फुटा पूर्वी और सुरेश शर्मा नगर होते हुए सैटेलाइट बस स्टैंड तक पहुंचेंगी। नैनीताल और पीलीभीत रोड से आने वाली बसों के लिए भी सौ फुटा रोड व सुरेश शर्मा नगर होकर सैटेलाइट बस स्टैंड का मार्ग तय किया गया है।
कार्यक्रम और जुलूस के दौरान भीड़ बढ़ने पर चारपहिया वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा के लिए भी कुछ मार्गों पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। इनमें अशोक नगर तिराहा, सूद धर्मकांटा से कोहाड़ापीर, मूर्ति नर्सिंग होम से गंगापुर, मठ की चौकी, श्यामगंज चौराहा से कालीबाड़ी तथा बरेली कॉलेज, पटेल चौक और चौपला चौराहे से नावल्टी की ओर जाने वाले मार्ग शामिल हैं।
एस पी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खां ने आमजन से अपील की है कि यातायात एडवाइजरी का पालन करें और असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।