
बरेली । शहर वासियों के लिए एक बेहद ज़रूरी ख़बर! अगर आज शाम 6 बजे आपको सायरन की आवाज़ सुनाई दे या अचानक लाइटें बंद होती दिखें, तो घबराइएगा मत। क्योंकि आज शहर में होने जा रहा है एक बड़ा सुरक्षा अभ्यास।
“जी हाँ, गृह मंत्रालय भारत सरकार और यूपी शासन के निर्देश पर आज यानी 22 नवंबर 2026 को शाम 6:00 बजे बरेली में ‘हवाई हमले से बचाव और प्रकाश प्रतिबन्ध अभ्यास प्रदर्शन-2026’ आयोजित किया जा रहा है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए नागरिक सुरक्षा विभाग ने कमर कस ली है।
उप नियंत्रक राकेश कुमार मिश्र की ओर से जारी आदेश में सभी डिवीजनल, पोस्ट और सेक्टर वार्डन को शाम 4:30 बजे तक पुलिस लाइन, बरेली पहुँचने का फरमान सुनाया गया है। इस मॉकड्रिल में सभी की शत-प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है।
सहायक उप नियंत्रक की देखरेख में सभी टीमें इस बात का प्रदर्शन करेंगी कि हवाई हमले के वक्त शहर को अंधेरे में रखकर यानी ब्लैकआउट करके कैसे सुरक्षित बचाया जाता है। तो सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और प्रशासन के इस अभ्यास में सहयोग करें ।