
बरेली। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत चल रहे विशेष आयुष्मान कार्ड निर्माण अभियान में धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। समीक्षा में लापरवाही सामने आने पर कम प्रदर्शन वाले पांच ब्लॉकों के बीसीपीएम और बीपीएम का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि अभियान में लगे सभी ऑपरेटर प्रतिदिन कम से कम 10 आयुष्मान कार्ड बनाएं। इसके बावजूद सुधार नहीं होने पर तीन दिन तक एक भी कार्ड न बनाने वाले 420 पंचायत सहायकों और 341 स्वास्थ्य विभाग के ऑपरेटरों का वेतन भी अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है और संतोषजनक जवाब न मिलने या कार्य में सुधार न होने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
डीएम ने बताया कि 15 मई से 14 अगस्त 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सभी संबंधित विभागों, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पंचायत सहायकों और आयुष्मान मित्रों को समन्वय के साथ प्रत्येक पात्र लाभार्थी का आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए गए हैं। अब विकास खंडवार और ऑपरेटरवार प्रतिदिन समीक्षा होगी तथा खराब प्रदर्शन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।