
बरेली । इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला एक 45 से 50 दिन का मासूम फल के ठेले के नीचे कपड़ों में लिपटा मिला। सूचना मिलते ही बारादरी पुलिस मौके पर पहुंची, बच्चे को सुरक्षित जिला अस्पताल में भर्ती कराया और चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दी।
इसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर लगातार प्रयास करते हुए पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बच्चे के माता-पिता को तलाश लिया।
पूछताछ में माता-पिता ने बताया कि बच्चा जन्म से ही गंभीर बीमारी से पीड़ित है। आर्थिक तंगी और इलाज कराने में असमर्थ होने के कारण उन्होंने मजबूरी में मासूम को सैटेलाइट चौराहे पर फल के ठेले के नीचे छोड़ दिया था।
फिलहाल बच्चे का उपचार जारी है और पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है।