
बरेली । वार्ड नंबर 13 स्थित लक्ष्मी नगर, मणिनाथ के लोगों का सब्र अब जवाब देने लगा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जून माह में सड़क निर्माण का आश्वासन दिया गया था, लेकिन जुलाई शुरू होने के बाद भी हालात जस के तस हैं।
इस संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा के माध्यम से भी नगर निगम को ज्ञापन सौंपा गया था। लगातार बारिश के कारण सड़क पर जलभराव और कीचड़ से स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का निकलना बेहद मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन इस समस्या पर गंभीरता नहीं दिखा रहा। अब क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर लक्ष्मी नगर की सड़क कब बनेगी और जनता को इस परेशानी से कब राहत मिलेगी?