
बरेली। लोकतंत्र की समझ, संसदीय परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से विकसित भारत युवा संसद-2026 का आयोजन 15 से 17 जून तक नई दिल्ली में किया जाएगा। युवा मामले एवं खेल मंत्रालय और माय भारत की पहल पर होने वाले इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देशभर से चयनित युवा प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम में युवा विकसित भारत-2047, नारी शक्ति वंदन और समावेशिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखेंगे। प्रतिभागियों को नई संसद भवन, सेंट्रल हॉल और संसदीय कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
युवा संसद की चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की गई। देशभर के विश्वविद्यालयों व संस्थानों में चर्चा के बाद जिला और राज्य स्तर पर प्रतिभागियों का चयन किया गया। अंतिम चरण में चयनित युवा नई दिल्ली पहुंचकर प्रश्नकाल, नीति आधारित चर्चाओं, वक्तृत्व कला और नेतृत्व क्षमता से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेंगे।

कार्यक्रम का उद्घाटन 16 जून को संसद के ऐतिहासिक सेंट्रल हॉल में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। इस दौरान केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया भी मौजूद रहेंगे।
माय भारत की उपनिदेशक पुष्पा सिंह ने बताया कि विकसित भारत युवा संसद युवाओं को राष्ट्रीय मंच देने की पहल है, जो भविष्य के नेतृत्व को तैयार करने और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।