भोजीपुरा में दो लाख की लूट का पुलिस ने किया पर्दाफाश ; गोली लगने से एक बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार

बरेली ।भोजीपुरा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े तमंचे के बल पर दो लाख रुपये की लूट करने वाले आरोपियों का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। 31 अक्टूबर को मनहेरा पुलिया के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूट की शत-प्रतिशत धनराशि दो लाख रुपये, तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को ग्राम रतना चुन्नीलाल निवासी उवैश अपने दोस्त मोनिश अली के साथ बैंक से दो लाख रुपये निकालकर मोटरसाइकिल से गांव लौट रहा था। इसी दौरान अलीनगर से खड़ंजे पर एक ट्यूबवेल के पास मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसे गिरा दिया और बैग में रखे दो लाख रुपये लूटकर लाडपुर की ओर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना भोजीपुरा में मुकदमा संख्या 901/2026 धारा 61(2)/309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 31 अक्टूबर को मनहेरा पुलिया के पास तीन मोटरसाइकिल सवार संदिग्धों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एहसान अली पुत्र जाकिर अली निवासी खजुरिया खुर्द, रामपुर के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने एहसान के साथ विनीत गंगवार पुत्र महिपाल गंगवार निवासी ग्राम सराय, थाना शीशगढ़ और मोनिश अली पुत्र छोटे शाह निवासी ग्राम रतना चुन्नीलाल, थाना भोजीपुरा को गिरफ्तार कर लिया।

तीन आरोपियों से ऐसे बरामद हुई रकम

पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी एहसान के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और लूट के एक लाख रुपये बरामद हुए। वहीं विनीत और मोनिश के कब्जे से 50-50 हजार रुपये तथा मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस प्रकार लूटी गई पूरी दो लाख रुपये की धनराशि पुलिस ने बरामद कर ली। घटना में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।

मुठभेड़ के दौरान आरक्षी अंकित कुमार के बाएं बाजू में गोली की रगड़ लगने से चोट आई। घायल आरोपी और आरक्षी को उपचार के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks