
बरेली । इज्जत नगर पुलिस ने अपहरण कांड से जुड़े वांछित बदमाश को देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें एक कांस्टेबल घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी और उसे दबोच लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घटना थाना इज्जतनगर क्षेत्र के कलापुर पुलिया पीलीभीत रोड की है, जहां पुलिस संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। तभी बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया, जिसमें कांस्टेबल नीशू तिवारी घायल हो गए।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल होकर गिरफ्तार हुआ बदमाश विमल पुत्र विनोद कुमार, थाना नवाबगंज क्षेत्र के रिछौला गांव का रहने वाला है। आरोपी अपहरण और फिरौती के सनसनीखेज मामले में वांछित चल रहा था। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा

कि उसने अपने साथियों उमाशंकर, आकाश और हरनेश के साथ मिलकर 9 मई को फन सिटी के आगे से एक युवक का अपहरण किया था। इस मामले में उसका एक साथी उमाशंकर पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, चोरी की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की है। बरामद बाइक बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से चोरी की बताई जा रही है।
घायल बदमाश और घायल कांस्टेबल दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
थाना इज्जतनगर प्रभारी निरीक्षक सुरेश चन्द्र गौतम,
उपनिरीक्षक मोहित कुमार,
विकास यादव,
रोहन राणा समेत इज्जतनगर थाने की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।