
सुनील खंडेलवाल के द्वारा पिछले एक वर्ष से ज्यादा समय से किया जा रहा संघर्ष लाया रंग
——————————–
पुराने गिरिडीह रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया के सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। विदित है कि दिनांक 29 अप्रैल 2024 को शहर के सामाजिक एवं सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल ने रेलवे बोर्ड को पत्र के माध्यम से निवेदन किया था की पुराने गिरिडीह रेलवे स्टेशन परिसर में बनाई गई सड़क काफी जर्जर हो चुकी है तथा संपूर्ण सड़क में सीमेंट नाम की कोई चीज नहीं रह गई है और सारी कंक्रीट उभर कर सड़क पर बाहर आ गई है एवं सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं जिसके कारण बुजुर्ग, महिलाएं एवं बच्चे विशेष रूप से दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं तथा थोड़ी सी बारिश में भी संपूर्ण स्टेशन परिसर पानी से भर जाता है एवं लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। खंडेलवाल के पत्र पर संज्ञान लेते हुए सुश्री वंदना सिंहा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर, पूर्व रेलवे आसनसोल ने दिनांक: 09/ 05/2024 को सूचित किया कि पुराने गिरिडीह स्टेशन परिसर सर्कुलेटिंग एरिया और सड़क का विकास कार्य गति शक्ति इकाई द्वारा किया जाएगा। काफी दिन बीत जाने के बावजूद भी जब कोई निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया तो खंडेलवाल के द्वारा सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के माध्यम से रेलवे बोर्ड से पूछा गया की सड़क का निर्माण कार्य कब शुरू होगा इसकी सूचना दी जाए। दिनांक 24 जुलाई 2024 को पत्र के माध्यम से श्री प्रिय रंजन कुमार, वरिष्ठ मंडल अभियंता, पूर्व रेलवे, आसनसोल के द्वारा खंडेलवाल को सूचित किया गया की दिनांक 10 अगस्त 2024 के पूर्व सड़क का निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा, लेकिन 10/08/2024 तक कोई भी कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो पुनः खंडेलवाल के द्वारा रेलवे बोर्ड से लगातार पत्राचार किया गया और एक लंबे संघर्ष के बाद अब इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो पाया है।
खंडेलवाल ने बताया कि इस सड़क का निर्माण हो जाने से रेल यात्रियों को काफी सुविधा होगी तथा आए दिन जो दुर्घटना हो रही थी उससे भी लोगों को निजात मिलेगी तथा अब बारिश का मौसम शुरू होने जा रहा है तो ऐसी स्थिति में पानी का जमाव भी नहीं हो पाएगा।
सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के लिए खंडेलवाल ने रेल प्रशासन का आभार जताया है।