
बरेली। सुभाषनगर थाना पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें एक स्प्लेंडर और एक अपाचे , एक अवैध तमंचा 315 बोर , एक जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू बरामद किया है।
मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार नैन ने बिना पल गवाए पुलिस टीम सहित मिलक रौधी वाले रास्ते बदायूं रोड के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रघुनाथ राम उर्फ पप्पू निवासी मठिया खेड़ा, आंवला और गौतम सागर निवासी ईटौआ सुखदेवपुर, सुभाषनगर के रूप में हुई है ।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे इन चोरी की बाइकों को बेचने के इरादे से ले जा रहे थे। जांच में सामने आया कि बरामद स्प्लेंडर बाइक चौपला चौराहे से चोरी हुई थी, जिसका मुकदमा पहले से थाना कोतवाली में दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया ।