
सोरों, । कस्बा में स्थित जनसेवा केंद्र से नकली प्रमाण पत्र बनाए जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने संचालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो लैपटोप, दो प्रिंटर, दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई की है।
सोरों इंस्पेक्टर भोजराज अवस्थी ने बताया कि गत दिवस साहिल सिसोदिया पुत्र सन्जू निवासी होडलपुर सोरों ने एसपी को शिकायती पत्र देकर बताया था कि उससे पोस्ट ऑफिस सोरों में अपने आधार कार्ड में जन्म तिथि सही कराने गया तो जन्म प्रमाण पत्र मांगा गया, जो कि उसके पास नहीं था। जब वह बाहर आया तो आकाश नाम के युवक ने तीन सौ रुपये में प्रमाण पत्र देने की बात कही। तीन सौ रुपये लेकर प्रमाण पत्र भी दे दिया गया। जब वह प्रमाण पत्र लेकर विकास भवन गया तो उसे प्रमाण पत्र नकली बताया गया। उसने पता किया तो आकाश पुत्र विनोद सक्सैना निवासी मोहल्ला कटरा बाजार सोरों अपने साथी गौरव पुत्र राजेन्द्र निवासी कसेरे बाजार सोरों के गौरव सीएससी जन सेवा केन्द्र से मिलकर नकली प्रमाण पत्र बनाता है। इसके बाद पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि बुधवार को आरोपी आकाश व गौरव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से लेपटाप, मोबाइल, प्रिंटर आदि बरामद किए हैं और कार्रवाई की है।