राज्य महिला आयोग की सदस्य रामसखी कठेरिया ने सुनी महिला उत्पीड़न समस्याएं, अधिकारियों को दिये प्रभावी निराकरण के निर्देश

एटा। राज्य महिला आयोग उ0प्र0 की सदस्य श्रीमती रामसखी कठेरिया ने कहा कि राज्य महिला आयोग द्वारा प्रदेश में महिला उत्पीडन की रोकथाम, पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने तथा आवेदकों की सुविधा की दृष्टि से जिला स्तर पर महिला उत्पीड़न के मामलों हेतु जनसुनवाई की व्यवस्था की गई है। शासन का प्रयास है कि महिलाओं को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, उनकी सुनवाई प्राथमिकता के आधार पर प्रत्येक थाने में की जाए। इसके साथ ही महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से महिला हैल्पलाईन नम्बरों को व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाए। मिशन शक्ति के चतुर्थ फेज में राज्य सरकार महिलाओं के हितो की रक्षा के लिये पूरी तरह कटिबद्ध है।
महिला आयोग की सदस्य श्रीमती रामसखी कठेरिया ने बुधवार को एटा जिले के पीडब्लूडी निरीक्षण भवन में पहुंचकर महिला उत्पीड़न के मामलों की सुनवाई की। उन्होंने कहा कि शासन महिला उत्पीड़न के मामलों में बेहद संवेदनशील है, महिला उत्पीडन के मामलों में दोषी लोगों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करने और पीडित महिलाओं को राहत पहुंचाने के लिये अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से शासन के महत्वपूर्ण निर्णयों एवं योजनाओं का जिले में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों द्वारा महिला उत्पीडन के मामलों में समय से प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे जिलेभर की महिलाओं को न्याय मिल सके। गैस्ट हाउस में आयोजित जनसुनवाई के दौरान 08 महिला उत्पीड़न संबंधी प्रकरण प्रस्तुत किए गए। जैथरा निवासिनी पीडिता द्वारा लक्ष्मीबाई सम्मान योजना की धनराशि खाते में न पहुॅचने, बिरमादेवी पत्नी वालिस्टर सिंह ने पुत्र द्वारा उत्पीडित किये जाने तथा अन्य पीडित महिलाओं द्वारा दहेज, घरेलू हिंसा, मारपीट, धोखाधडी करने आदि की शिकायते की जिन्हें संबंधित अधिकारियों को पृष्ठांकित कर उनके शीघ्र गुणवत्तापरक निस्तारण करने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कालू सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी यश वर्मा, बाल संरक्षण अधिकारी सुखवीर सिंह, महिला थानाध्यक्ष नन्दनी सिंह, सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण आदि मौजूद थे।