
फरीदपुर। आपके घर में कार है और छोटे बच्चे भी हैं तो विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। फरीदपुर में शुक्रवार को जो कुछ हुआ, उससे सबकी सांसें थम सी गईं। कोतवाली फरीदपुर में तैनात सब इंस्पेक्टर पत्नी के साथ दुकान पर खरीददारी को चले गए और मासूम बेटी को अकेला कार में छोड़ गए। कार लॉक होने से बच्ची कार में फंस गई। बहादुर बच्ची घबराई नहीं और बगैर किसी पर ध्यान दिए अंदर खेलती रही। 40 मिनट बाद कार का लॉक खोलकर उसे बाहर निकाला गया।
पूर्वी चुंगी के पास हुई घटना
घटना फरीदपुर में स्टेशन रोड पर पूर्वी चुंगी के पास की है। बताया गया है कि पुलिस में सब इंस्पेक्टर सौरभ कुमार सिवाच फरीदपुर थाने में तैनात हैं। शुक्रवार को सौरभ पत्नी और बेटी के साथ कार से बाजार गए थे। कार उन्होंने सड़क किनारे खड़ी कर दी और छोटी सी बिटिया को छोड़कर पत्नी के साथ दुकान की ओर चले गए। चाबी अंदर ही छूट गई। गाड़ी लॉक हो गई। दंपति जब वापस लौटे तो कार का दरवाजा बंद देख उनके होश उड़ गए।

अंदर बच्ची अकेली बैठी थी और खेल रही थी। दरोगा पापा और मम्मी परेशान हो गए। सूचना पर पुलिस टीम पहुंच गई। भीड़ जमा हो गई। सबकी सांसें थम सी गईं। 40 मिनट तक चले प्रयासों के बाद एक मैकेनिक ने मशक्कत के बाद कार का लॉक खोला, तब कहीं बच्ची को बाहर निकाला गया। दरवाजा खुलते ही मां ने अपनी बेटी को सीने से भीच लिया। बच्ची को सुरक्षित देख वहां मौजूद सभी लोगों ने राहत की सांस ली।