
बरेली। विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने विकास खंड भमोरा के अति संवेदनशील गांव नवगवा अहिरान और सैधा का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण की शुरुआत सीएचसी से हुई, जहां सीएमओ ने ओपीडी रजिस्टर और आभा आईडी की प्रगति जांची। इसके बाद नवगवा अहिरान में नालियों की खराब सफाई पर गहरी नाराजगी जताते हुए एडीओ पंचायत व ग्राम प्रधान को तत्काल सफाई कराने तथा साप्ताहिक फॉगिंग व एंटीलार्वा छिड़काव के कड़े निर्देश दिए।
सीएमओ ने मलेरिया मरीजों की दवाओं की जांच कर उन्हें पूरा कोर्स लेने की सलाह दी। साथ ही ग्रामीणों को पूरी बांह के कपड़े पहनने, मच्छरदानी लगाने और बुखार आने पर तुरंत जांच कराने के लिए जागरूक किया। इस दौरान जिला मलेरिया अधिकारी, सीएचसी अधीक्षक, ग्राम प्रधान और आशा कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।