नवाबगंज थाने में खड़े 36 कबाड़ वाहनों पर चला हथौड़ा, 1.58 लाख में हुई नीलामी

बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत सोमवार को थाना नवाबगंज परिसर में वर्षों से लावारिस और मुकदमों में सीज खड़े 36 वाहनों की खुली नीलामी कराई गई। न्यायिक मजिस्ट्रेट (जेएम) नवाबगंज के आदेश के अनुपालन में गठित प्रशासनिक कमेटी की निगरानी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।
​जिलाधिकारी द्वारा गठित कमेटी में उप जिला मजिस्ट्रेट (एसडीएम) नवाबगंज अध्यक्ष, क्षेत्राधिकारी (सीओ) नवाबगंज सदस्य, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) बरेली सदस्य तथा प्रभारी निरीक्षक थाना नवाबगंज सदस्य के रूप में शामिल रहे।
​27 कबाड़ियों ने जमा कराई सिक्योरिटी
नीलामी प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए क्षेत्र भर से 27 कबाड़ी/ठेकेदार पहुंचे। सभी ने नियमानुसार एक-एक लाख रुपये की जमानत राशि (सिक्योरिटी) जमा कराई। इसके बाद कमेटी के समक्ष प्रथम, द्वितीय और तृतीय चक्र की खुली बोलियां लगाई गईं।
​1,58,700 रुपये में बिका पूरा लॉट
नीलामी में कुल 36 वाहन शामिल थे, जिनमें 17 मोटरसाइकिलें, 16 ई-रिक्शा और 3 चार पहिया वाहन थे। कड़े मुकाबले के बाद ग्राम रिछौला किफायतुल्ला निवासी कबाड़ी तेजराम पुत्र प्यारेलाल ने सबसे ऊंची 1,58,700 रुपये की अंतिम बोली लगाकर सभी 36 वाहनों को अपने नाम कर लिया।
​18% जीएसटी अलग से करना होगा जमा
प्रशासनिक कमेटी ने सफल बोलीदाता तेजराम को निर्देशित किया कि वे वाहनों की कुल कीमत के साथ 18 प्रतिशत जीएसटी की धनराशि अलग से जमा कराकर तुरंत थाना परिसर से सभी वाहनों को अपनी सुपुर्दगी में उठा लें। नीलामी के बाद माल के निस्तारण का विवरण थाना अभिलेखों में दर्ज कर आदेश को मालखाना रजिस्टर में चस्पा कर दिया गया है।
​नीलामी के दौरान एसडीएम नवाबगंज, सीओ नवाबगंज, प्रभारी निरीक्षक नवाबगंज और एचएम सतीश कुमार पाल सहित पुलिस बल व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks