
बरेली। बाढ़ की मार झेल रहे ग्रामीणों की मदद के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में आज गुरुवार को जिलाधिकारी की अगुवाई में बाढ़ प्रभावित 25 परिवारों को राहत सामग्री की किट बांटी गई, जिससे पीड़ितों को बड़ी राहत मिली है।
कलेक्ट्रेट सभागार में दोपहर 1:00 बजे एक विशेष राहत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां बाढ़ की मार झेल रहे क्षेत्र के ग्राम बिरिया नारायणपुर, महगंवा उर्फ ऊंचागांव, बेहटी देह जागीर, दौली रघुवर दयाल, गोकिलपुर, सूदनपुर और धनेती खरगपुर के कुल 25 परिवारों को चिन्हित कर राहत सामग्री सौंपी गई।

बाढ़ पीड़ितों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दाल, आटा, दलिया, बाल्टी-मग, आलू की बोरी और अन्य आवश्यक घरेलू सामान उपलब्ध कराए गए। सामग्री पाते ही पीड़ितों के चेहरों पर राहत साफ देखी गई। इस मौके पर लाभार्थी पातिराम, सुदामा देवी और रामश्री समेत सभी 25 परिवारों के सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा), उप जिलाधिकारी सदर और नायब तहसीलदार चौबारी सहित प्रशासनिक अमला मौजूद रहा और अधिकारियों ने पीड़ितों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।