अब घर बैठे 15 मिनट में होगी परिवार की ‘स्व-गणना’; डीएम ने तय किया 14 दिन का मेगा एक्शन प्लान

बरेली ।जनगणना के द्वितीय चरण जनसंख्या गणना को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में 16 से 30 नवंबर तक चलने वाले ‘स्व-गणना’ (Self Enumeration) अभियान की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। डीएम ने अधिकारियों को दो-टूक निर्देश दिए कि जनपद का कोई भी परिवार, बस्ती या निवासी जनगणना से छूटने न पाए।
​ऐसे करें स्व-गणना, प्रगणकों को दिखानी होगी SE ID
​जिलाधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। अब दूसरे चरण में नागरिक 16 से 30 नवंबर 2026 के बीच आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर महज 15 से 20 मिनट में अपने परिवार की जानकारी खुद दर्ज कर सकते हैं। प्रक्रिया पूरी होने पर एक पहचान संख्या (SE ID) मिलेगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 के बीच जब प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे, तो सत्यापन के लिए यही SE ID दिखानी होगी।
​हर वर्ग तक पहुंचने के लिए 14 दिन, 14 थीम
​अभियान को जनआंदोलन बनाने के लिए डीएम ने 16 से 29 नवंबर तक प्रतिदिन अलग-अलग विभागों को नोडल अधिकारी नामित करते हुए विशेष दिवस तय किए हैं:
​16 नवम्बर (राजस्व व सांसद-विधायक दिवस): ग्राम पंचायत व कार्यालय प्रमुख खुद स्व-गणना कर अपना स्टेटस साझा करेंगे।
​17 नवम्बर (स्थानीय प्रशासन व ग्रामीण विकास दिवस): पालिका व पंचायत अध्यक्ष, पार्षद, ग्राम प्रधान और कृषि संस्थाएं प्रचार करेंगी।
​18 नवम्बर (युवा, खेल एवं मीडिया दिवस): स्टेडियम, एनएसएस, सोशल मीडिया व व्लॉग के जरिए युवाओं को जोड़ा जाएगा।
​19 नवम्बर (विशिष्ट व्यक्ति दिवस): पद्म पुरस्कार विजेताओं के साथ अपार्टमेंट व गेटेड सोसायटी के व्हाट्सएप ग्रुप में अभियान चलेगा।
​20 नवम्बर (न्यायिक दिवस): न्यायपालिका व बार एसोसिएशन की सहभागिता से अभियान को गति मिलेगी।
​21 नवम्बर (वर्दीधारी बल दिवस): पुलिस, पीएसी व अन्य सुरक्षा बलों के कार्मिकों का पंजीकरण कराया जाएगा।
​22 नवम्बर (केंद्रीय कार्यालय व वित्त दिवस): बैंक, रेलवे, डाक, आयकर व जीएसटी कर्मी स्व-गणना करेंगे।
​23 नवम्बर (शिक्षा दिवस): स्कूल, कॉलेज, विवि, आईटीआई व कोचिंग संस्थानों में प्रशिक्षण और रैली होगी।
​24 नवम्बर (स्वास्थ्य दिवस): आईएमए, नर्सिंग होम, आशा व स्वास्थ्यकर्मी आमजन को जागरूक करेंगे।
​25 नवम्बर (उद्योग एवं परिवहन दिवस): मंडी, बाजार, होटल, सिनेमा हॉल व रोडवेज बसों के जरिए प्रचार होगा।
​26 नवम्बर (महिला व स्वयं सहायता समूह दिवस): आंगनबाड़ी व महिला समूहों के माध्यम से महिलाओं को जोड़ा जाएगा।
​27 नवम्बर (डिजिटल सहायता व दिव्यांगजन दिवस): सीएससी (CSC), पंचायत भवन व वार्ड दफ्तरों में हेल्प डेस्क लगेंगे।
​28 नवम्बर (वर्क फ्रॉम होम दिवस): डिजिटल माध्यमों से घर से काम करने वाले पेशेवरों को लक्षित किया जाएगा।
​29 नवम्बर (प्राइड दिवस): LGBTQ समुदाय व उनके परिवारों के बीच विशेष जागरूकता अभियान चलेगा।
​सेल्फी पॉइंट से लेकर कूड़ा गाड़ियों तक से होगा प्रचार
​डीएम ने निर्देश दिए कि सभी सरकारी दफ्तरों, अस्पतालों, स्कूलों, बैंकों, बस स्टैंड व रेलवे स्टेशनों पर फ्लेक्स व सेल्फी पॉइंट बनाए जाएं। निकायों व ग्राम पंचायतों में मुनादी के साथ-साथ कूड़ा गाड़ियों पर भी प्रचार सामग्री लगाई जाएगी। स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान जानकारी दी जाएगी और सप्ताह में दो दिन जागरूकता रैली निकलेगी।
​सोशल मीडिया पर टैगिंग अनिवार्य, अफवाहों पर रहेगी नजर
​अधिकारियों को प्रत्येक गतिविधि X (ट्विटर), फेसबुक व इंस्टाग्राम पर अपलोड कर @censusindia2027, @dco_up, @cmoffice_up, @dmbareilly आदि हैंडल्स को टैग करना होगा। डीएम ने मीडिया प्रतिनिधियों व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से प्रमाणित जानकारी साझा करने की अपील करते हुए भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
​कंट्रोल रूम व हेल्पलाइन: जनगणना संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0581-2422202, 0581-2428188 या टोल-फ्री नंबर 1855 पर संपर्क किया जा सकता है। बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम (वि./रा.) संतोष कुमार सिंह सहित सभी एसडीएम, बीडीओ व जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks