
बरेली। थाना अलीगंज क्षेत्र अंतर्गत गैनी चौराहे पर बुधवार को निकाले जा रहे अलम के जुलूस के दौरान अत्यधिक भीड़-भाड़ के बीच एक लगभग 05 वर्षीय बच्ची अपने परिजनों से बिछड़ गई। मासूम के गुम होने की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात थाना अलीगंज पुलिस टीम ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल बच्ची को तलाश कर सुरक्षित संरक्षण में ले लिया।
पुलिस द्वारा बच्ची से जानकारी प्राप्त कर अथक प्रयासों के बाद उसकी पहचान अलीना (उम्र 05 वर्ष), पुत्री शानू खाँ, पौत्री एजाज खाँ, निवासी ग्राम अलीगंज, थाना अलीगंज, जनपद बरेली के रूप में हुई।
थाना अलीगंज पुलिस ने बिना देरी किए परिजनों से संपर्क स्थापित किया और बच्ची को उसकी दादी श्रीमती नूरी पत्नी एजाज खाँ एवं अन्य परिजनों के सुपुर्द कर दिया। चौकी गैनी पर प्रभारी निरीक्षक की मौजूदगी में महिला कांस्टेबल 3093 पूजा रानी एवं महिला कांस्टेबल 1021 चंचल यादव द्वारा बच्ची को सकुशल परिवार के हवाले किया गया।
मासूम को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। परिजनों ने थाना अलीगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मानवीय संवेदना और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।