
बरेली। अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना कैंट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी/डकैती की योजना बना रहे चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 जून की रात थाना कैंट पुलिस गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि ठिरिया के जंगलों में कुछ बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कृष्णा कॉलोनी जाने वाले मार्ग से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया
गिरफ्तार आरोपियों में मसबर, सरताज उर्फ अन्ना, अजीम उर्फ भूरा और जुबैर उर्फ जुम्मा शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक 12 बोर तमंचा, दो नाजायज चाकू, एक बैग, लोहे का सव्वल, नल की हथ्थी, पेड़ काटने वाला औजार और सरिया बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनकी मुलाकात जेल में हुई थी और इसके बाद से वे चोरी व डकैती जैसी वारदातों की योजना बनाते थे। पुलिस के मुताबिक, गिरोह का एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कैंट में मु0अ0सं0 309/26 धारा 310(4)/310(5) बीएनएस एवं 3/25, 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर, प्र0उ0नि0 प्रतीक तोमर सहित थाना कैंट पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।