
बरेली । छात्रों की सुरक्षा और नियमों की अनदेखी करने वाले कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
बुधवार को अपर जिलाधिकारी नगर, एस पी सिटी मानुष पारीक,नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनू शर्मा के नेतृत्व में प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग, आवास विकास परिषद और बरेली विकास प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने शहर के कई कोचिंग संस्थानों, कंप्यूटर सेंटरों और व्यवसायिक भवनों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन व्यवस्था, निकासी मार्ग, स्वीकृत नक्शे के अनुसार निर्माण और भवनों के उपयोग की जांच की गई। जांच में मानकों के विपरीत और अवैध रूप से संचालित पाए गए कई कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया गया

सील किए गए संस्थानों में मेगा क्लासेज, मैट्रिक्स पुलिस एकेडमी, इंदु मंत्रा कोचिंग, सिंह कमर्शियल इंस्टीट्यूट, सिंह डिजिटल लाइब्रेरी सहित कई संस्थान शामिल हैं।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। निरीक्षण में मिली कमियों को लेकर संबंधित संस्थानों को नोटिस भी जारी किए जाएंगे