
बरेली। भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोर संग्रह अमीन को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली यूनिट की टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए तहसील सदर बरेली में तैनात संग्रह अमीन जोरावर सिंह को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है।
बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता सुरेश चंद्र ने अपनी एनपीएस खाते से जमीन खरीदने के लिए धन निकासी के संबंध में आवेदन किया था। फाइल आगे बढ़ाने और रिपोर्ट लगाने के एवज में संग्रह अमीन ने 5 हजार रुपये की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने पूरी योजना के साथ जाल बिछाया और तहसील सदर की कैंटीन से आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया।
टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।