
बरेली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन स्टॉप सेंटर बरेली में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य माँ के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला प्रोबेशन अधिकारी मोनिका राणा द्वारा वन स्टॉप सेंटर परिसर में पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।

इसके पश्चात वन स्टॉप सेंटर के समस्त स्टाफ ने भी अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाए तथा पर्यावरण को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने वृक्षों के महत्व को समझते हुए प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान ने न केवल मातृत्व के सम्मान को नई ऊँचाई दी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल का भी संदेश दिया।