
बरेली। एसएसपी अनुराग आर्य द्वारा जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से लागू की गई मासिक मूल्यांकन प्रणाली के अंतर्गत माह मई-2026 की रैंकिंग जारी की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस क्षेत्र, सर्किल और थानों को प्रशस्ति-पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जनसुनवाई, आईजीआरएस निस्तारण, अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, अपहृत व्यक्तियों की बरामदगी, विवेचना निस्तारण, साइबर हेल्पडेस्क की उपलब्धियां, सीसीटीएनएस कार्य, एनडीपीएस एवं गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई समेत विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन किया गया।
उत्तरी क्षेत्र ने मारी बाजी
मूल्यांकन में उत्तरी पुलिस क्षेत्र ने 1799 अंक प्राप्त कर जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया। क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्य की सराहना की गई।
बहेड़ी सर्किल बना नंबर-1

जनपद के नौ सर्किलों में सर्किल बहेड़ी ने 3260 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। अपराध नियंत्रण और जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में बेहतर प्रदर्शन इसकी सफलता का आधार बना।
इन पांच थानों ने बढ़ाया जनपद का मान
थाना स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले थानों में—
थाना बहेड़ी – 4853 अंक
थाना शीशगढ़ – 4796 अंक
थाना बारादरी – 3315 अंक
थाना देवरनियां – 2814 अंक
थाना शाही – 2738 अंक
शामिल रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों में एसपी नॉर्थ मुकेश मिश्र, व बहेड़ी सर्किल सीओ उमेश राणा, एवं थाना प्रभारियों को प्रशस्ति-पत्र और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया तथा भविष्य में भी जनसेवा, अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।