
बरेली। थाना सुभाषनगर पुलिस ने दहेज हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में अपनी पत्नी की हत्या करना स्वीकार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार शाहजहांपुर निवासी प्रदीप कुमार मिश्रा की ओर से थाना सुभाषनगर में तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि उनकी पुत्री कोमल की शादी अमित मंडल निवासी शांति विहार सुभाषनगर से हुई थी। शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज को लेकर उत्पीड़न किया जा रहा था।
बताया गया कि 18 मई 2026 को पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद कोमल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना सुभाषनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित मंडल को मढ़ीनाथ रेलवे पुलिया के पास रेलवे लाइन किनारे से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अतिरिक्त दहेज के लालच में योजना बनाकर पत्नी की हत्या की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार नैन, उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह
उपनिरीक्षक जगत सिंह
उपनिरीक्षक प्रांशु सचान
सहित थाना सुभाषनगर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।