
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने देशहित में ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर बड़ा कदम उठाया है। मा० प्रधानमंत्री भारत सरकार की अपील और मुख्यमंत्री उ०प्र० सरकार की बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रम में डीएम ने जनपद के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से सहयोग की अपेक्षा की है।
डीएम ने कहा है कि ईंधन की बचत, ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और स्वस्थ वातावरण स्थापित करने के उद्देश्य से कम से कम वाहनों का प्रयोग किया जाए। इसके साथ ही सप्ताह में दो दिन — सोमवार और शनिवार — को “नो व्हीकल डे” के रूप में मनाने का आह्वान किया गया है।

निर्देशों के अनुसार इन दोनों दिनों में निजी और सरकारी वाहनों का उपयोग न करते हुए सार्वजनिक वाहनों से यात्रा करना सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल पेट्रोल-डीजल की बचत होगी बल्कि प्रदूषण पर भी प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से अपील की है कि वे देशहित के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और आमजन को भी जागरूक करें।