स्वार। हल्द्वानी से लापता हुई विवाहिता को पुलिस ने स्वार कोतवाली क्षेत्र के मजरा खपरेल में प्रेमी के घर से तलाश कर लिया। बयान दर्ज कराने के दौरान विवाहिता ने अपने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई, जिसके बाद पुलिस ने उसे उसी के साथ भेज दिया। बुधवार शाम गांव के मंदिर में प्रेमी संग फेरे लेकर उसके साथ ही ससुराल चली गई।मसवासी क्षेत्र के ज्वालापुर निवासी 22 वर्षीय युवती की शादी करीब छह वर्ष पूर्व हल्द्वानी निवासी युवक से हुई थी, लेकिन दंपती की कोई संतान नहीं थी। इसी बीच उसका सोशल मीडिया के माध्यम से स्वार कोतवाली क्षेत्र के मजरा खपरेल निवासी मोहित से संपर्क हुआ और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। करीब पांच दिन पहले युवती अपने घर से निकल गई,

जिसके बाद उसके पति ने हल्द्वानी कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।सोमवार को युवती अपने प्रेमी मोहित के साथ मजरा खपरेल स्थित उसके घर पहुंचकर रहने लगी। मंगलवार शाम हल्द्वानी पुलिस स्वार कोतवाली पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ गांव में दबिश देकर विवाहिता को ढूंढ लिया। उसे प्रेमी समेत स्वार कोतवाली लाकर बयान दर्ज किए गए, जहां विवाहिता ने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद विवाहिता और उसके प्रेमी को हल्द्वानी ले जाया गया, जहां पति और उसके परिजन भी पहुंच गए। वहां भी विवाहिता ने अपने प्रेमी के पक्ष में बयान दिए और उसके साथ रहने पर अड़ी रही। बताया जाता है कि दोनों पक्षों की सहमति के बाद पुलिस ने विवाहिता को उसके प्रेमी के साथ भेज दिया। बुधवार देर शाम दोनों का गांव के मंदिर परिसर में विधान विधान के साथ विवाह संपन्न करा दिया गया। कोतवाल अनुपम शर्मा ने बताया कि हल्द्वानी पुलिस आई थी। वह विवाहिता और उसके प्रेमी को अपने साथ ले गई है। जानकारी में आया है कि विवाहिता ने अपने प्रेमी के संग रहने की इच्छा जताई थी जिसके चलते दोनों का मंदिर में विवाह हो गया है।
About The Author
Post Views: 23,318