
बरेली। थाना बहेड़ी क्षेत्र में पुलिस ने गौकशी में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो बदमाश घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, 24/25 मार्च की रात श्यामाचरण गोटिया क्षेत्र में किच्छा नदी किनारे गौवंशीय पशु वध की घटना सामने आई थी, जिसके बाद से पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
आज सुबह करीब 4 बजे पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी फिर से वारदात की फिराक में हैं। सूचना पर उत्तमनगर रोड स्थित नहर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध टेंपो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी भागने लगे।

पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो बदमाशों को पैर में गोली मारकर घायल कर दिया, जबकि दो अन्य को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचे, रिवाल्वर, जिंदा कारतूस, पशु वध के उपकरण, एक टेंपो, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
घायल आरोपियों और पुलिसकर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह से सामान्य है ।