
बरेली । सीबीगंज क्षेत्र के ग्राम बादशाहनगर में शनिवार सुबह एक युवक का गोली लगा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव के ही मिथुन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, क्योंकि युवक ने घटना से एक दिन पहले सोशल मीडिया पर अपने ‘अंतिम दिन’ होने संबंधी स्टेटस लगाए थे।
जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि बादशाहनगर में मिथुन नाम के युवक की गोली लगने से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही सीबीगंज थाना प्रभारी फील्ड यूनिट और एसपी सिटी चिराग जैन तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम के माध्यम से साक्ष्य संकलित किए।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की दाहिनी कनपटी पर गोली लगने का निशान पाया गया है। घटनास्थल पर युवक के पैरों के पास एक तमंचा पड़ा हुआ बरामद हुआ है। इसके अलावा पुलिस ने मौके से मृतक का मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है।
सोशल मीडिया स्टेटस से मिला अहम सुराग
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक ने शुक्रवार दोपहर बाद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ स्टेटस लगाए थे। इन स्टेटस में उसने अपने ‘अंतिम दिन’ होने जैसी बातें लिखी थीं। इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मानकर चल रही है।
सीवीगंज पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्यवाही करते हुए घटना की समस्त परिस्थितियों का अनावरण किया जाएगा।