
बरेली। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बरेली के तत्वावधान में आयोजित हथकरघा मेले में रविवार को ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिली। मेले में पहुंचे लोगों ने बनारसी साड़ियों, ड्रेस मटेरियल और होम फर्निशिंग के सामान की जमकर खरीदारी की।
सहायक आयुक्त हथकरघा सर्वेश कुमार शुक्ल ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार के विकास आयुक्त (हथकरघा) द्वारा प्रायोजित इस मेले में बुनकर अपने उत्पाद लागत मूल्य पर ही बेच रहे हैं, ताकि उन्हें बचा हुआ स्टॉक वापस न ले जाना पड़े।

उन्होंने बताया कि मेले के अंतिम दिन यानी सोमवार को बुनकरों द्वारा विशेष छूट के साथ सामान बेचा जाएगा। ऐसे में आमजन के लिए यह सुनहरा अवसर है कि वे कम कीमतों पर बेहतर गुणवत्ता के उत्पाद खरीद सकें।
मेले का समापन सोमवार को जिला सूचना अधिकारी नीतू कनौजिया द्वारा किया जाएगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से अंतिम दिन मेले में पहुंचकर खरीदारी करने और इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।