
विधायकों के लिए बेतहाशा वेतन बढ़ाने वाली सरकार विपत्ति ग्रस्त परिवारों के लिए भी मुआवजा बढ़ाए- राजेश यादव।
सड़क दुर्घटना में मृत मुकेश वर्मा के परिजनों से मिले पूर्व जिप सदस्य। आश्रितों के लिए पर्याप्त मुआवजा और राहत की मांग की।
पूर्व जिप सदस्य सह फॉरवर्ड ब्लॉक नेता राजेश यादव ने आज गांडेय थाना क्षेत्र के कारीपहरी जाकर विगत दिनों गिरिडीह महेशमुंडा रोड में ट्रैक्टर इंजन लदे ट्रेलर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल होकर इलाज क्रम में मरे युवक मुकेश वर्मा के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मृतक परिवार को सांत्वना देते हुए संकट की इस घड़ी में हर संभव मदद का भरोसा भी दिया।
श्री यादव ने इसे लेकर घटनास्थल से संबंधित गिरिडीह मुफ्फसिल थाना प्रभारी तथा गांडेय के अंचल अधिकारी से बात कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए कानूनी प्रक्रिया और राहत-मुआवजा हेतु उचित पहल को लेकर चर्चा की। कहा कि, जरूरी हुआ तो जिले के शीर्ष पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों से भी मुलाकात कर बात करेंगे।
श्री यादव ने कहा कि, जिस राज्य में लगातार विधायकों का वेतन बढ़ कर आसमान छू रहा है, वहीं इस तरह के विपत्ति ग्रस्त पीड़ित परिवार के लिए मिलने वाला मुआवजा नाकाफी है। सरकार को मुआवजा राशि बढ़ाकर इतना करना चाहिए, जिससे पीड़ित परिवार को संबल मिल सके। उन्होंने मुआवजे के अतिरिक्त मृतक की विधवा के लिए तत्काल पेंशन स्वीकृति और उसके सभी बच्चों का नामांकन सरकारी आवासीय विद्यालय में कराने की भी मांग की।
मौके पर फॉरवर्ड ब्लॉक नेता शंभू तुरी सहित स्थानीय मिथिलेश वर्मा, रामदेव वर्मा, प्रवीण वर्मा, रंजीत महतो, किशोर कु वर्मा, सुरेंद्र वर्मा, सुनील वर्मा, मोहन महतो, दिनेश वर्मा, अजीत कुमार, प्रेमचंद कुमार, सुनील कुमार वर्मा, मनोज वर्मा, दुलारचंद वर्मा, अरविंद वर्मा, संतोष कुमार सहित अन्य महिला पुरुष मौजूद थे।