
बरेली। राजधानी दिल्ली-लखनऊ के बीच सबसे बड़ा मेडिकल हब होने की वजह से शहर बरेली में रक्त आपूर्ति की मांग भी बढ़ रही है। जिला अस्पताल के अलावा कई निजी ब्लड बैंक होने के बाद भी निर्भरता आईएमए के बैंक पर अधिक है और यहां रक्त लेने में वेटिंग की स्थिति नजर आती है। जरूरतमंदों के हित में पुनीत पहल करते हुए आईएमए बरेली जल्द ही अपनी दूसरी ब्लड बैंक शुरू करने जा रहा है, जो आईवीआरआई रोड पर होगी। नई बिल्डिंग बनकर तैयार है, बस आईएमए ब्लड बैंक-2 के शुभारंभ का इंतजार है।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए ) का नया ब्लड बैंक लगभग तैयार हो चुका है। माना जा रहा है कि ब्लड बैंक-2 शुरू होने से मरीजों और तीमारदारों को खून के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सिविल लाइंस स्थित ब्लड बैंक-1 पर भी दबाव किसी हद तक कम हो जाएगा। मौजूदा समय में रक्त के लिए लाइंस स्थित आईएमए ब्लड बैंक में लगातार भीड़ देखी जाती है। मांग अधिक होने की स्थिति में लोगों को अपनी बारी के लिए काफी इंतजार करना पड़ता है।
शहर में कई निजी ब्लड बैंक भी संचालित
शहर में आईएमए के अलावा कई अन्य निजी ब्लड बैंक भी संचालित हैं। इसके बावजूद खून की जरूरत के समय तीमारदारों की पहली दौड़ आईएमए की ओर ही रहती है। डेंगू प्रकोप और संक्रामक व दूसरी ऐसी बीमारियों के समय आईएमए पर भीड़ और बढ़ती नजर आती है। आईएमए का ब्लड बैंक के शुरू होने से खून संग्रह और वितरण की क्षमता बढ़ना तय है। नई कमेटी का कहना है कि ब्लड बैंक-2 शुरू होने से जरूरतमंदों को नया विकल्प मिल जाएगा।
आईवीआरआई रोड पर आईएमए के नए ब्लड बैंक का काम अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। जिले में लगातार आबादी बढ़ रही है। निजी ब्लड बैंकों में एनएटी टेस्ट की जांच नहीं होती है, जबकि आईएमए ब्लड बैंक में यह जांच भी होती है। नए ब्लड बैंक में भी यह जांच होगी। सभी अस्पतालों से अपील है कि आईएमए ब्लड बैंक से खून लें।