
बरेली । थाना हाफिजगंज पुलिस ने कस्बा रिठौरा स्थित कबाड़ की दुकान में हुई चोरी की वारदात का महज़ 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने भोजीपुरा तिराहे से चक महमूद (थाना बारादरी) निवासी मोहम्मद नाजिम को चोरी के माल और पिकअप गाड़ी समेत धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार, 23/24 सितंबर की रात चोरों ने जाटवपुरा निवासी अजय सागर की कबाड़ की दुकान से भारी मात्रा में तांबा, पीतल, स्टील व मोटर आदि सामान पार कर दिया था। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर उप-निरीक्षक आकाश कुमार की टीम ने घेराबंदी की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पिकअप (UP25JT9459) को रुकवाकर तलाशी ली, जिसमें चोरी का भारी माल, ताला काटने वाला लोहे का कटर, सम्बल, छेनी और हथौड़ा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने साथी संग मिलकर चोरी करने और माल बेचने जाने की बात कबूली। पुलिस ने वैध कागजात न होने पर गाड़ी को 207 एमवी एक्ट में सीज कर आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।